पुलिस की सख्ताई के बावजूद बाज नहीं आ रहे कबूतरबाज, लाखों ठगे
चंडीगढ़, 1 मई: पुलिस की सख्ताई के बावजूद शहर में कबूतरबाज अपने कारनामों से बाज नहीं आ रहे। लाइसेंस न होने पर इमिग्रेशन दफ्तार खोल कर बैठे 18 कबूतरबाजों पर शहर की पुलिस केस दर्ज कर चुकी है और इसके बावजूद धोखाधड़ी की वारदातें जारी हैं। वीजा लगाने का झांसा देकर सैक्टर-34 स्थित ऐजे ग्रुप के मालिक ने कई लोगों से 4 लाख 51 हजार 200 रुपए ठग लिए। न तो आरोपी ने वीजा लगवाया और न ही उनके रुपए लौटाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार यूपी के जिला मऊ के गांव कसंडा निवासी भारत कुमार साहनी, संजय कुमार व अन्य ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उन्होंने सैक्टर-34 के एससीओ नंबर-80-82 की तीसरी मंजिल पर स्थित ऐ.जे ग्रुप कंपनी चलाने वाले को वीजा लगवाने के लिए 4 लाख 51 हजार 200 रुपए दिए थे। रुपए 20 जनवरी-2023 को लेकर उन्होंने एक माह के अंदर-अंदर वीजा लगवाने का वादा किया था, लेकिन काफी माह बीत जाने के बाद भी किसी का वीजा नहीं लगा। जब सभी शिकायतकर्ताओं ने अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपी टाल मटोल करता रहा। जिसके चलते उन्होंने शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर सैक्टर-34 थाना पुलिस ने उक्त कंपनी चलाने वाले पर आईपीसी की धारा 420,467,468 के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।