पंजाब

पंजाब को हिंदू-सिख के नाम पर बांटने की कोशिश की कांग्रेस ने: जाखड़

— प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विरोध करने वाले कांग्रेस के नेता चुनावों के समय वहां जा कर खिंचवा रहे सेल्फी

चंडीगढ़/ दसुआ, 9 मई:
दसुआ में वीरवार को जनसभा में पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को पाखंडी तथा धोखेबाज करार दिया। जाखड़ बोले, कांग्रेस ने पंजाब को हिंदू और सिख के नाम पर तोड़ने की नापाक कोशिश की। यह वही पार्टी है जिसने कहा था कि पंजाब में हिंदू चेहरा आ गया तो यहां आग लग जाएगी।

पंजाब भाजपा प्रधान ने कहा कि कांग्रेस में जो लोग चुनाव से पहले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विरोध कर रहे थे वही आज चुनाव आते ही राम-राम रटने लगे हैं। आज ये लोग परिवारों के साथ राम मंदिर जाकर वहां सेल्फी खिंचवा रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत आप और कांग्रेस के सभी नेताओं को सेल्फी की बीमारी है। उनकी राम में आस्था नहीं है, बल्कि मजबूरी है। मजबूरी हिंदुओं के वोट लेने की। लेकिन सेल्फी खींचकर ना जानता का आशीर्वाद मिलता है और ना जनार्दन का।

जाखड़ बोले, मैंने 50 साल बाद कांग्रेस इसीलिए छोड़ी, क्योंकि उस पार्टी में अब पाखंडियों का बोलबाला है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को घेरते हुए कहा कि जिन्होंने राम मंदिर को बुराभला कहा वही कुछ दिन पहले लुधियाना में गायक ( अब भाजपा नेता) कन्हैया लाल मित्तल के भगवान राम के भजनों पर नाच रहे थे। यह इनका पाखंड है। जिन्हें कल तक हिंदू खराब लगते थे आज चुनाव के समय अचानक प्यारे लगने लग गए हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अंबिका सोनी को निशाने पर लेते हुए जाखड़ ने कहा उन्होंने मेरे सीएम बनने का विरोध इसलिए किया था क्योंकि मैं हिंदू हूं। सोनी और उनके जैसे नेताओं ने तब कहा था कि पंजाब में हिंदू आ गया तो आग लग जाएगी। पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे को खत्म करने का जो काम पाकिस्तान एके 47 के दम पर नहीं कर सका, वह काम अंबिका सोनी और उनके जैसे नेताओं ने धर्म और जात के नाम पर करने की कोशिश की।

जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस दिन केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया उस दिन मान के घर में जश्न हुआ था। उन्होंने कहा कि मान इसलिए खुश हैं क्योंकि वह जानते हैं कि केजरीवाल के जेल जाने से अब पंजाब सरकार उनके चंगुल से आजाद हो गई है। जबकि पहले पंजाब सरकार दिल्ली से चलती थी। जाखड़ बोले, तिहाड़ में बंद आप के राष्ट्रीय संयोजक से मुलाकात के के बाद कहा था कि केजरीवाल ने उनसे पूछा है कि क्या पंजाब में बच्चों को किताबें और गरीबों को आटा बांट दिया गया है? उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने यह नहीं पूछा कि क्या पंजाब की महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं या नहीं, जैसा की आम आदमी पार्टी ने वादा किया था। भाजपा नेता ने इसे मुख्यमंत्री भगवंत मान का पाखंड और प्रदेश की जनता काे गुमराह करने का स्टंट बताया।

भाजपा की उम्मीदवार अनीता सोम प्रकाश के लिए वोट मांगते हुए उन्होंने लोगों से अपील की वे सोच समझ कर वोट डालें। कांग्रेस और आप धोखेबाज हैं। इन्हें घरों में न घुसने दें। पंजाब के पास सुनहरा मौका है। दोबारा धोखा न खाएं। भाजपा को वोट देकर विकास का हिस्सा बनें। पंजाब को भी आगे ले जा सकता है जो सबको साथ लेकर चलने वाला हो।

पूर्व विधायक सुखजीत कौर भाजपा में शामिल

शिरोमणि अकाली दल की पूर्व विधायक सुखजीत कौर साही अपने बेटे डॉक्टर हरसिमरत सिंह साही और समर्थकों के साथ वीरवार को भाजपा में शामिल हो गईं। सुखजीत कौर पंजाब के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव स्व. अमरजीत सिंह साही की पत्नी हैं। उन्हें प्रदेश भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने उनका पार्टी में स्वागत किया और कहा कि उन्हें पार्टी में उचित सम्मान दिया जाएगा। दसुआ में जनसभा को संबोधित करने से पहले जाखड़ जालंधर के श्रीमान्न सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने भर्ती सुखजीत कौर साही का कुशलक्षेम जाने पहुंचे। बुधवार को वह गिर गई थीं और उन्हें गम्भीर चोट आई थी जिस कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूर्व विधायक रंजीत सिंह वारयम नागल भी भाजपा में शामिल हो गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!