हिमाचल प्रदेश

चंबा में पुलिस ग्राउंड बारगाह से आरंभ होगी कार-बाईक और साईकल रैली 

 

चंबा, 13 फरवरी- एस0डी0एम0 चम्बा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि चलो चम्बा अभियान के अंतर्गत जिला के अछूते पर्यटन स्थलों को शामिल करने की मुहिम में चम्बा में 9 अप्रैल से 11 अप्रैल तक तीन दिन कार रैली व बाईक रैली के अलावा साईकल रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की तैयारियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा के लिए विभिन्न विभागों, रैली आयोजकों, संस्थाओं एवं होटल ऐसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक का आयोजन भी कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि रैली पुलिस ग्राउंड बारगाह से आरंभ होगी तथा उसका मार्ग चम्बा से भरमौर तथा समापन वापस पुलिस ग्राउंड बारगाह में होगा। उन्होंने बताया कि रैली का आयोजन चलो चम्बा अभियान का शुरूआती आयोजन होगा। एस0डी0एम0 चम्बा ने कहा कि इस आयोजन में चम्बा के विभिन्न वर्गाें को शामिल करने के मकसद से एक सोसाईटी का गठन किया जाएगा। इसमें जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों को मार्गदर्शक सदस्य तथा अन्य वर्ग जैसे कि होटल ऐसोसिएशन, समाजसेवी संस्थाओं, टैक्सी युनियन, ट्रक युनियन, बस आप्ररेटर युनियन, व्यापार मण्डल के अध्यक्षों को बतौर सदस्य नामित करके उन्हें उक्त रैली की विभिन्न गतिविधियों के सफल आयोजन की जिम्मेदारी दी जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि रैली के आयोजन को और भी आकर्षक बनाने के लिए पुलिस ग्राउंड में चम्बयाली धाम का आयोजन, चम्बा के स्थानीय व्यजंनों के स्टाल लगाना, चम्बा की लोक संस्कृति से सम्बन्धित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में तीनों श्रेणियों में से हर श्रेणी में लगभग 100 प्रतिभागी प्रति श्रेणी भाग लेने की संभावना है। इसके अतिरिक्त इस आयोजन का व्यापक प्रचार प्रसार करने पर भी बल दिया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक मात्रा में पर्यटकों को इस आयोजन में भाग लेने हेतु आकर्शित किया जा सके। उन्होंने बताया कि रैली के सफल आयोजन हेतु वांछित सभी पहलुओं पर बैठक में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई है। आगे की रणनीति हेतु समय-समय पर इसकी समीक्षा की जाऐगी।

चम्बा-जरांगला फीडर में 15 व 16 फरवरी को बंद रहेगी विद्युत आपूर्ति

रजेरा के समीप सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा कार्य

 

मौसम की स्थिति पर निर्भर होगा मरम्मत कार्य

 

चंबा, 13 फरवरी

 

चम्बा-जरांगला फीडर के तहत रजेरा के समीप विद्युत लाइन को बदलने और आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कार्यों के कारण 15 व 16 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी ।

सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल न.-1 राज सिंह ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि 33/11 के. वी. विद्युत् उपकेन्द्र जारांगला से निकलने वाले सभी 11 के. वी. फीडरों के तहत 11 केवी राख, करियां, जीआईएस व पॉवर ग्रिड के अंतर्गत आने वाले सभी उपभोक्ताओं की विद्युत् आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि लाइन मुरम्मत का कार्य मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा। उन्होंने इस क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील भी की है ।

 

कर्तव्य समझकर करें यातायात नियमों का पालन : ओंकार

परिवहन विभाग ने चकलू, राजनगर और बनीखेत में जागरूक किए लोग

चम्बा,13 फरवरी

परिवहन विभाग चम्बा द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शनिवार को राजनगर व चकलू गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ओंकार सिंह की अगुवाई में परिवहन विभाग की टीम ने लोगों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात के नियम आमजन के लिए बनाए जाते हैं। इन्हीं नियमों के सहारे एक सुरक्षित व्यवस्था चलती है। इसलिए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन जरूर करें। यह नियम हमारी व दूसरों की जान बचाने में सहायक साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि हमें सड़क सुरक्षा को एक चुनौती न मानते हुए अपनी आदत में शामिल कर यातायात के नियमों का पालन करने का संकल्प करना चाहिए। यातायात नियमों का पालन करना हम सभी का कर्तव्य है। अगर हम यातायात नियमों का पालन नहीं करेंगे तो इससे सड़क पर दुघर्टनाओं की संख्या में वृद्धि होगी। जिससे कई बेगुनाह लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ सकता है। दोपहिया वाहन चलाते समय हमें हैलमेट का प्रयोग करना चाहिए। कार चलाते समय सीट बैल्ट का प्रयोग करना अति आवश्यक है। वाहन चालक को अपने वाहन का बीमा भी सही समय पर करवाना चाहिए। नशे की हालत में कभी भी वाहन नहीं चलाना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल पर कभी बात नहीं करनी चाहिए। ऐसी स्थिति में हमारा ध्यान वाहन से हटकर बातचीत करने में चला जाता है, जो हादसे का कारण बनता है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ओंकार सिंह ने बताया कि बसों में सवार यात्रियों को और चम्बा- पठानकोट राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर बनीखेत में भी लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई है। परिवहन विभाग द्वारा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 17 फरवरी को संपन्न होगा लेकिन यातायात नियमों के प्रति लोगों को सजग करने का कार्य भविष्य में भी जारी रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!