तेल व रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस पार्टी 11 फरवरी को प्रत्येक शहर में करेगी रोष प्रदर्शन – सुनील जाखड़

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अबोहर में राज्य स्तरीय प्रदर्शन की करेगे अगुवानी
चंडीगढ़ 8 फरवरी
पंजाब प्रदेश कांग्रेस 11 फरवरी 2021 को मोदी सरकार द्वारा लगातार पेट्रोल डीजल व रसोई गैस की कीमतों में की जा रही वृद्धि के खिलाफ राज्य के प्रत्येक शहर में रोष धरना/ रोष मार्च करेगी । यह रोष प्रदर्शन सुबह 11:00 बजे से बाद दोपहर 1:00 बजे तक होंगे। यह जानकारी आज यहां पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने एक प्रेस बयान में दी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि एक तरफ अड़ियल रवैया द्वारा मोदी सरकार ने किसानों को आंदोलन करने के लिए मजबूर किया हुआ है वहीं यह सरकार लगातार डीजल पेट्रोल व रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि करके आम लोगों पर बड़ा आर्थिक बोझ डाल रही है। जाखड़ ने कहा कि 2014 में जब प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह ने सरकार छोड़ी थी तो गैस सिलेंडर की कीमत ₹438 थी जबकि अब ₹750 को पार कर चुकी है। इसी तरह पेट्रोल व डीजल की कीमतों का हाल है । उन्होंने कहा कि ऐसा उन हालातों में हो रहा है जब 2014 के मुकाबले कच्चे तेल की कीमतें आधे के आसपास हैं। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में कमी के कारण तेल व गैस की कीमतों में कमी आनी चाहिए थी लेकिन मोदी सरकार लगातार मूल्य वृद्धि कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसीलिए पार्टी ने फैसला किया है कि इस मुद्दे पर लोगों की आवाज बुलंद करने के लिए पार्टी द्वारा 11 फरवरी को राज्य के प्रत्येक शहर में केंद्र सरकार के खिलाफ रोष मार्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अबोहर में राज्य स्तरीय धरने की का नेतृत्व करेंगे।