21 वीं सदी के पंजाब और हरियाणा में अभी भी हो रहे हैं बाल-विवाह

पंजाब में इस साल 17 तो हरियाणा में 107 बाल-विवाह की शिकायतें आई हैं
देश के सबसे विकसित राज्यों में शुमार पंजाब और हरियाणा 21 वीं सदी में तो पहुंच गए हैं, लेकिन इसके बावजूद दोनों राज्यों में अब भी बाल-विवाह हो रहे हैं। हरियाणा इस मामले में पंजाब से कही आगे है। साल 2020 में हरियाणा में बाल-विवाह की 107 शिकायतें आई हैं, जिनमे जांच के बाद 39 केस में बाल विवाह निरोधी कानून के तहत एफ.आई.आर. दर्ज कर दी गई है। वहीं पंजाब में इस साल बाल-विवाह की 17 शिकायतें सरकार के पास पहुंची हैं, जिनमे से 16 मामलों में एफ.आई.आर. दर्ज की जा चुकी हैं और केस चल रहे हैं।
यह जानकारी पंजाब और हरियाणा दोनों सरकारों ने हाईकोर्ट को दी है। प्रोटेक्शन के एक केस में ही हाईकोर्ट ने दोनों राज्य सरकारों से यह जानकारी मांगी थी। प्रोटेक्शन की मांग करने वाले प्रेमी जोड़े में से लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम थी। हाईकोर्ट ने कहा यह कोई पहला मामला नहीं हैं, ऐसे कई मामले हाईकोर्ट में आए हैं। इसलिए अब बेहतर होगा की दोनों राज्य बताएं की उनके राज्यों में अब तक बाल-विवाह की इतनी शिकायतें आई हैं। हाई कोर्ट के इन्ही आदेशों पर दोनों राज्यों ने यह जानकारी मंगलवार को हाईकोर्ट को दी है।