हिमाचल प्रदेश

अंब क्षेत्र के लोगों को नए साल में मिली बड़ी सौगात

 

-विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने विधिवत रूप से किया अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ

 

अंब (2 जनवरी 2022)प्रशांत शर्मा: सिविल अस्पताल अंब में रेडियोलाजिस्ट की कमी से पिछले साढ़े तीन साल से धुल फांक रही अल्ट्रासाउंड मशीन विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के प्रयास से एक बार फिर से चालू हो गई है। उक्त मशीन का कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को अल्ट्रासाउंड प्राइवेट अस्पतालों में महंगे दामों पर करवाने से बड़ी राहत मिलेगी। अंब अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधा का शुरू होना नए साल में लोगों के लिए किसी बड़ी सौगात कम नहीं है। सोमवार को विधायक चिंतपूर्णी सुदर्शन सिंह बबलू ने विधिवत रूप से अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया। मरीज सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार को स्कैन करवा सकेंगे। स्कैन करने के लिए रेडियोलाजिस्ट डॉ. सुखविंदर सिंह सिविल अस्पताल आएंगे। यह सुविधा फिलहाल गर्भवती महिलाओं के लिए ही शुरू की गई है। जल्द ही अन्य मरीजों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।

विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि यह मशीन चालू होने से गर्भवती महिलाओं को अंब अस्पताल में ही नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड का लाभ मिल सकेगा। जल्द ही यह सुविधा सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी में भी शुरू की जाएगी। भविष्य में मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगे दामों पर स्कैन नहीं करवानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल में एक महीने में नई लैब भी विधिवत रूप से शुरू होने जा रही है। इस लैब के शुरू होने से अंब अस्पताल में आने वाले मरीजों के 84 तरह से टेस्ट निशुल्क होंगे। निशुल्क टेस्ट होने से मरीजों को आर्थिक रूप से काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग को देखते हुए अंब अस्पताल में ओटी शुरू करने पर जोर दिया जा रहा है। यह सुविधा भी मार्च माह से पहले शुरू हो जाएगी। अस्पताल में ओटी शुरू होने से मरीजों को जिला अस्पताल या फिर निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। बबलू ने कहा कि चिंतपूर्णी क्षेत्र में सबसे पहले स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया जाएगा। वह नहीं चाहते की अस्पतालों में छोटी-छोटी सुविधाओं की कमी से मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़े।

यह रहे मौजूद 

इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मास्टर प्रीतम सिंह जम्वाल, अधिवक्ता विकास कश्यप, पूर्व महासचिव डॉ. रविद्र कुमार शर्मा, कांग्रेस ओबीसी सैल के पूर्व सदस्य नरेश बरोटिया, सीता राम, संदीप शर्मा, नितिन शर्मा, तनुज ठाकुर, कुलदीप सैनी के अलावा बीएमओ अंब डॉ. राजीव गर्ग, एसएमओ डॉ. राहुल कतना, एमडी मेडिसिन डॉ. रुपिंदर शर्मा के साथ सिविल अस्पताल के तमाम डाक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!