हिमाचल प्रदेश

प्रधानमंत्री के पांच संकल्पों को आत्मसात करके राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें प्रदेशवासीः जगत प्रकाश नड्डा

पौने पांच वर्षों में हिमाचल ने किया अभूतपूर्व विकासः जय राम ठाकुर

सांसद और भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकार ने कड़ी मेहनत, समर्पण और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के बल पर हिमाचल को देश के अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित किया है। जगत प्रकाश नड्डा आज सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में भारी जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर शानदार स्वागत के लिए सिरमौर जिलावासियों का आभार व्यक्त करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी और हिमाचल में जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में भाजपा की सरकारें विकास तथा जनकल्याण के लिए अपने समर्पण एवं सक्रियता के कारण जनआकांक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरी हैं। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। जबकि, जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल को देश का सबसे प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है।

जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेशवासियोें से आग्रह किया कि वे 76वंे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा लाल किले से देशवासियों को दिए गए पांच संकल्पों को आत्मसात करके राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।

केंद्र सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि खसरा, जापानी बुखार, पोलियो और अन्य बीमारियों के टीके भारत को इनके अविष्कार के कई वर्षों के बाद उपलब्ध हुए थे। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच और सशक्त नेतृत्व के कारण भारत ने कोविड-19 की वैक्सीन मात्र नौ महीने में तैयार करके वैश्विक स्तर पर बहुत बड़ी सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि देशवासियों को 200 करोड़ से अधिक मुफ्त टीके उपलब्ध कराने के अलावा भारत ने दुनिया के 100 से अधिक अन्य देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध करवाई। जगत प्रकाश नड्डा ने कोरोना रोधी वैक्सीन की पहली और दूसरी खुराक देने में हिमाचल को देश का पहला राज्य बनाने के लिए जय राम सरकार के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार से प्रभावित हुए बिना जय राम ठाकुर द्वारा प्रदेश को सशक्त नेतृत्व प्रदान करने के कारण ही यह संभव हुआ है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार यूक्रेन में फंसे देश के 24000 से अधिक विद्यार्थियों को वापस लाने में भी सफल रही, जिनमें से हिमाचल प्रदेश के लगभग 430 विद्यार्थी थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विद्यार्थी भी अपने वाहनों पर भारतीय ध्वज फहराकर यूक्रेन से बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि यह बदलते भारत की तस्वीर है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व के कारण ही संभव हुआ है।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को सभी देय लाभ सुनिश्चित किये हैं। उन्होंने कहा कि देश के 50 करोड़ से अधिक लोगों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस योजना से छूटे हुए लोगों को लाभान्वित करने के लिए हिमकेयर योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूर्व केन्द्र सरकार ने सदैव राज्य के हितों की अनदेखी की, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश का विशेष राज्य का दर्जा बहाल किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल के दौरान परियोजनाओं के लिए केंद्र तथा राज्य की हिस्सेदारी का 90ः10 का अनुपात भी बहाल किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा हिमाचल प्रदेश को प्रदान किए गए विशेष औद्योगिक पैकेज को तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा समाप्त कर दिया गया था।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेशवासियों के लिए अटल टनल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देन है। उन्होंने कहा कि इस सुरंग के निर्माण से अटल बिहारी वाजपेयी का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र और राज्य सरकार द्वारा 7000 करोड़ रुपये की रेणुका परियोजना का निर्माण भी आरम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की उज्ज्वला योजना और प्रदेश सरकार की गृहिणी सुविधा योजना के कारण हिमाचल प्रदेश चूल्हा धुआंमुक्त राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान कोल बांध परियोजना भी शुरू की गई थी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्य को समर्पित की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद ही लुहरी परियोजना पर भी काम शुरू हो सका है।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल के दौरान प्रदेश के लिए 1300 करोड़ रुपये लागत का एम्स बिलासपुर स्वीकृत किया गया और शीघ्र ही इसका निर्माण पूरा होने वाला है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा राज्य के चम्बा, सिरमौर, हमीरपुर और मंडी में चिकित्सा महाविद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऊना जिला में पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर बन रहा है और प्रदेश में कई ट्रॉमा सेंटर निर्मित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों के कारण संभव हो पाई हैं।

उन्होंने आगामी चुनावों के दृष्टिगत कांग्रेसी नेताओं पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से पांवटा साहिब में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी कोर्ट खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलाने का मामला शीघ्र ही सुलझा लिया जाएगा ताकि इस समुदाय के लोग जनजातीय दर्जे से लाभान्वित हो सकें।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के लिए यह सौभाग्य की बात है कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व हिमाचल प्रदेश के धरती पुत्र कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग हर पार्टी कार्यकर्ता की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य करने की मधुर स्मृतियां है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब एक पवित्र और ऐतिहासिक शहर है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपने अस्तित्व के गौरवशाली 75 वर्ष मना रहा है और भारत आजादी के 75वें वर्ष को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मना रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्रता संग्राम में देश के असंख्य लोगों के योगदान को स्मरण करने का अवसर है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि यह राज्य का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और राज्य की विकासात्मक आवश्कताओं का हमेशा ध्यान रखते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व ने सुनिश्चित किया कि देश में कोई भी व्यक्ति भोजन, मास्क, सैनिटाइजर और अन्य आवश्यक चीजों से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी महामारी के दौरान जरूरतमंदों को 50 लाख से अधिक मास्क प्रदान कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इतिहास उन लोगों को याद रखेगा, जिन्होंने देश को कोरोना के कठिन दौर में सफलतापूर्वक बाहर निकाला।

उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव को राष्ट्रीयता की भावना से मनाने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विचार वास्तव में महान लोगों द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदान के बारे में युवा पीढ़ी को शिक्षित करने के साथ-साथ भारत मॉं के महान सपूतों को सम्मान देने का एक सराहनीय प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने गत 75 वर्षों में विकास के सभी क्षेत्रों में सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अब तक रहे सभी मुख्यमंत्रियों डॉ. वाई.एस. परमार, राम लाल ठाकुर, शांता कुमार, वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल का प्रदेश के विकास में बहुमूल्य योगदान रहा है, परन्तु प्रदेश के समग्र विकास का मुख्य श्रेय प्रदेश के मेहनती और ईमानदार लोगों को जाता है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में गत 75 वर्षों के दौरान विकास के सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गठन के समय केवल चार जिले थे, वर्तमान में प्रदेश में 12 जिले हैं।उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में प्रदेश में साक्षरता दर 4.8 प्रतिशत थी। वर्तमान में साक्षरता दर 83 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य के विकास के लिए सड़कें जीवन रेखा के समान है और प्रदेश की सरकारों ने राज्य में सड़क निर्माण को विशेष प्राथमिकता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 60 हजार करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की थी और इस योजना के अन्तर्गत लगभग 51 प्रतिशत सड़कें निर्मित की गई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण ने राज्य के विकास को नए आयाम प्रदान किए। हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पौने पांच वर्षों के दौरान विकास के मामले में सिरमौर जिले को हमेशा सर्वाेच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार जिले के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिलवाकर इस भावनात्मक मुद्दे के समाधान के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि एक अरसे से लंबित इस मांग को केंद्र के आशीर्वाद से जल्द ही पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बार-बार सरकार बदलने की परंपरा को खत्म करने तथा हिमाचल में विकास की तेज गति को बरकरार रखने के लिए लोगों से वर्तमान प्रदेश सरकार को भरपूर समर्थन देने का आग्रह भी किया।

हिमाचल को एक साथ कई मेडिकल कालेज, एम्स और पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर स्वीकृत करवाने के लिए जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने ऊंचे मुकाम हासिल किए हैं। प्रदेश सरकार ने लोगों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ कोरोना रोधी टीकाकरण में देश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है।

कार्यक्रम से पहले भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पांवटा साहिब के प्रसिद्ध गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका। उन्हें गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से सिरोपा भेंट किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक का भी दौरा किया और शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों ने विकास को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि जब जगत प्रकाश नड्डा केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री थे तो उन्होंने नाहन मेडिकल कालेज को स्वीकृति प्रदान की थी। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से जिले के हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा दिलाने की प्रक्रिया में और तेजी लाने का भी आग्रह किया।

ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का स्वागत करते हुए क्षेत्र में क्रियान्वित की जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, राज्य भाजपा सह-प्रभारी संजय टण्डन, विधायक रीना कश्यप, राज्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता निगम उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, खादी बोर्ड के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, राज्य विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भण्डारी, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, भाजपा मण्डल अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

 

 

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा देश में विकास और समृद्धि का नया अध्याय: जगत प्रकाश नड्डा

 

हिमाचल प्रदेश ने हर क्षेत्र में की अभूतपूर्व तरक्कीः जय राम ठाकुर

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में देश में विकास और समृद्धि का एक नया अध्याय लिखा गया है।

‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत आज नाहन के चौगान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के अमृतकाल के दौरान भारत को विश्व की महाशक्ति बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों के लिए पांच संकल्प तय किए हैं। प्रत्येक देशवासी को इन संकल्पों का अनुसरण करना चाहिए। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सभी नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। देशवासियों के सक्रिय सहयोग से ही भारत वैश्विक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें हिमाचल और केंद्र दोनों सरकारों में स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व संभालने का सुअवसर मिला था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में जिस प्रकार भारत ने नौ माह के भीतर ही दो-दो कोरोना रोधी वैक्सीन तैयार कीं, वह पूरे विश्व में बदलते भारत की एक बहुत बड़ी मिसाल है।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि देशवासियों को 200 करोड़ से अधिक मुफ्त टीके उपलब्ध कराने के साथ-साथ दुनिया के 100 से अधिक देशों को भी भारत ने वैक्सीन मुहैया करवाई। इनमें से 20 से अधिक देशों को मुफ्त टीके उपलब्ध करवाए गए। हिमाचल के सभी लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन की दोनों खुराक देने में देश का पहला राज्य बनने के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व के कारण यह संभव हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी अपने क्षेत्र, राज्य और देश को सही दिशा की ओर ले जाने तथा चहुमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए सही और गलत नेतृत्व के बीच अंतर को समझने का प्रयास करें। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान 9वें वित्त आयोग ने हिमाचल का विशेष श्रेणी का दर्जा समाप्त कर दिया था। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा हिमाचल को दिए गए विशेष औद्योगिक पैकेज को भी केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने वापस ले लिया था। अब हिमाचल के लिए विकासात्मक परियोजनाओं में केंद्र-राज्य के 90ः10 के अनुपात को बहाल करके नरेन्द्र मोदी ने बहुत बड़ी सौगात दी है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की उज्ज्वला योजना और प्रदेश सरकार की गृहिणी सुविधा योजना ने महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना दूरदराज क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हुई है। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से देश के 50 करोड़ से अधिक लोगों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करके और इससे छूटे लोगों के लिए प्रदेश सरकार ने हिमकेयर योजना शुरू करके बहुत बड़ी राहत प्रदान की है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली यूपीए सरकार का कार्यकाल देश के इतिहास में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के काले दौर के रूप में याद किया जाएगा। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अपने 8 वर्षों के कार्यकाल के दौरान देश का अभूतपूर्व विकास और भ्रष्टाचारमुक्त शासन सुनिश्चित किया है। इस अवसर पर जगत प्रकाश नड्डा ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए विधायक डॉ. राजीव बिंदल की प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत की सराहना भी की।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सिरमौर जिला 10वें सिख गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी से सम्बन्धित एक पवित्र भूमि है और यह माता श्री रेणुकाजी और उनके पुत्र भगवान परशुराम जी की भी तपोस्थली है। उन्होंने इस अवसर पर नाहन शहर से जुड़ी अपनी पुरानी स्मृतियों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि इन वर्षों के सिरमौर जिला और नाहन शहर में अभूतपूर्व प्रगति हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश तभी प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सकता है, जब देश का प्रत्येक राज्य समृद्ध बने।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अपने पुराने गौरव को फिर से हासिल कर रहा है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि भारत की आज़ादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’, हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से देशभक्ति की भावना जागृत करने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा कि यह राज्य का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं और राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल के दौरान वह सात बार राज्य का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के आठ वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने का कार्यक्रम शिमला के रिज पर आयोजित किया गया था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने पूरे देश को संबोधित किया और इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देश के 17 लाख से अधिक लोगों ने देखा।

जय राम ठाकुर ने कहा कि एक तरफ जहां पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, वहीं हिमाचल प्रदेश भी अपने अस्तित्व के 75 वर्ष पूर्ण कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निर्माता और राज्य के पहले मुख्यमंत्री डा. वाई.एस. परमार सिरमौर जिला के रहने वाले थे और उन्होंने प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश को प्रगति और समृद्धि के पथ पर अग्रसर रखने के लिए सभी मुख्यमंत्रियों ने हिमाचल के लिए अपना बहुमूल्य योगदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में राज्य के मेहनती और ईमानदार लोगों का भी बहुत बड़ा योगदान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 75 वर्षों के दौरान हिमाचल प्रदेश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राज्य के गठन के समय प्रदेश में केवल 228 किलोमीटर सड़कें थीं, जबकि आज राज्य में 39,500 किलोमीटर से अधिक लम्बी सड़कों का जाल बिछा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में राज्य की साक्षरता दर 4.8 प्रतिशत थी, जबकि आज राज्य में साक्षरता दर 83 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक डा. राजीव बिंदल भी अपने क्षेत्र के विकास को लेकर सदैव तत्पर रहते हैं।

जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने प्रतिशोध की राजनीति की परंपरा को तोड़ा है और अब वह राज्य में फिर से सत्तासीन होगी। उन्होंने कहा कि पिछली राज्य सरकार ने गरीबों और कमजोर वर्ग के लिए एक भी कल्याणकारी योजना शुरू नहीं की थी, जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने समाज के कमजोर वर्ग के कल्याण के लिए सहारा योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, हिमकेयर, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री स्वाबलंबन योजना जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट निःशुल्क बिजली भी उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत विपक्ष लोक लुभावने वायदे कर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहा है। उन्होंने राज्य में भाजपा की जीत फिर से सुनिश्चित कर पुरानी परंपरा को तोड़ने के लिए लोगों से पूरा समर्थन प्रदान करनेे का आग्रह किया।

इसके उपरांत, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने नाहन में निर्माणाधीन चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल भवन का दौरा किया और अधिकारियों को इस महत्वकांक्षी योजना का समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय में द्वितीय विश्वयुद्ध के योद्धा पी.एल. सबलोक की 100वीं जयन्ती के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर का भी दौरा किया।

सांसद और राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, जिनके केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के कार्यकाल के दौरान देश के लगभग 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा प्रदान करने के लिए शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना के लिए जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों के कारण ही 7000 करोड़ रुपये की रेणुकाजी बांध परियोजना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता के पूरे समर्थन से भाजपा आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता में आकर राज्य में मिशन रिपीट सुनिश्चित करेगी।

नाहन के विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश के लिए यह सौभाग्य की बात है कि आज प्रदेश का एक नेता देश के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा के कार्यकाल के दौरान सिरमौर जिला में आईआईएम और मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 300 बिस्तर क्षमता वाला मेडिकल कॉलेज न केवल राज्य के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्रदान करेगा, बल्कि क्षेत्र के लोगों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण के लिए 250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और शीघ्र ही इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।

सिरमौर जिला के भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता और नाहन मण्डल भाजपा अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, प्रदेश भाजपा सह-प्रभारी संजय टंडन, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा, प्रदेश विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, जिला परिषद की अध्यक्ष सीमा कनियाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!