हिमाचल प्रदेश

देवभूमि, वीरभूमि के बाद हिमाचल प्रदेश को बनाएंगे खेलभूमिः अनुराग ठाकुर 

कुटलैहड़ से ऊना तक केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का हुआ भव्य स्वागत
ऊना (23 अगस्त)- केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का जिला ऊना में पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार जिला ऊना पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को खेल राज्य के रूप में विकसित किया जाएगा तथा इसके लिए यहां पर आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि, वीरभूमि के साथ-साथ खेलभूमि बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हाई ऑल्टीट्यू़ड सेंटर खोलने का प्रयास किया जाएगा, जिससे राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कला, संस्कृति व संगीत को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है और इसे दुनिया भर के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में कैबिनेट पद देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है। हिमाचल प्रदेश में उनकी जन आशीर्वाद यात्रा को लोगों को अत्याधिक प्रेम मिल रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने नंगल-तलवाड़ा रेल लाइन परियोजना को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन जम्मू-कश्मीर के साथ जाकर जुड़ेगी। हिमाचल प्रदेश में रेल लाइन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण में है और पंजाब सरकार से भी जल्द से जल्द भूमि अधिग्रहण कर इस रेल परियोजना को पूरा करने का आग्रह किया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगर पंजाब में अधिग्रहण को लेकर कोई समस्या आती है, तो रेल मंत्रालय इसमें अन्य विकल्प तलाशेगा।
अनुराग का जगह-जगह हुआ स्वागत
जिला ऊना में प्रवेश करने के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ। देर रात तक लोग लंबी-लंबी लाइनों में लग कर उनकी एक झलक पाने के लिए सड़क पर खड़े रहे। खूनी मोड़, लठियाणी, तनोह, मलांगड़, डोहगी तथा बंगाणा तक अनेक स्थानों पर लोग ने फूलों की मालाएं पहना कर तथा आतिशबाज़ी के साथ अनुराग ठाकुर का स्वागत किया।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर, छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक बलबीर सिंह, हिमुडा उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, एचपीएसआईडीसी उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, एपीएमसी अध्यक्ष बलबीर सिंह बग्गा, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, महामंत्री राजकुमार पठानिया, सुमित शर्मा, कुटलैहड़ मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल शर्मा, चरणजीत शर्मा, मदन राणा, विजय शर्मा, जिप सदस्य ओंकार नाथ कसाणा, कमल सैणी, उपाध्यक्ष केपी शर्मा, लखबीर लक्खी, राजेंद्र मलांगड़, उपायुक्त राघव शर्मा, एसपी अर्जित सेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!